53 लाख की ठगी के फरार दाे आराेपित गिरफ्तार

Share

53 लाख की ठगी के फरार दाे आराेपित गिरफ्तार

नारायणपुर , 15 मई (हि.स.)। जिले की नारायणपुर पुलिस ने रायल पेन्टागन ऑक्सन हाऊस कंपनी एवं गोल्ड बांड के नाम पर पीड़‍ित भुपेन्द्र नेगी निवासी सिंगोड़ीतरई नारायणपुर से 53 लाख एक हजार चार सौ 99 रूपये ठगकर राशि हड़पने वाले फरार दो आरोपि‍त मनीष तेलम एवं महेश कोरसा को गिरफ्तार किया है। थाना नारायणपुर में पूछताछ करने पर गिरफ्तार दाेनाें आरोपितों द्वारा अपराध कबूल करने पर अपराध बीएनएस 66-डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई उपरांत आज गुरूवार काे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार माह जून 2022 में पीड़‍ित भूपेन्द्र नेगी पिता कैलाश नेगी निवासी सिंगोड़ीतराई नारायणपुर के घर आकर स्वयं को रायल पेन्टागन ऑक्सन हाऊस बैंगलोर एवं कोलकाता की कंपनी का उच्च अधिकारी बताते हुए आरोपि‍त किशोर गुहा निवासी जगदलपुर एवं मनीष तेलाम निवासी बीजापुर, अशोक देहारी कांकेर एवं महेश कोरसा निवासी बीजापुर ने पीड़ित भूपेन्द्र नेगी को छल, प्रवंचना कर बेईमानी पूर्वक प्रलोभन देकर दोगुना राशि दिलाये जाने का झांसा देकर वर्ष 2022 से फरवरी वर्ष 2025 तक कुल 53 लाख एक हजार चार सौ 99 रूपये राशि अंतरित कराया गया।

पीड़ि‍त भुपेन्द्र नेगी के रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लेकर थाना प्रभारी नारायणपुर के नेतृत्व में सायबर सेल से टीम गठित कर मामले के फरार आरोपि‍त मनीष तेलम एवं महेश कोरसा का लगातार पतासाजी की जा रही थी। उक्त आरोपितों का पता चलने पर नारायणपुर पुलिस की गठित विशेष टीम द्वारा तकनीकी मदद से चिन्हाकित जगहों पर दबिश देकर घेराबंदी कर प्रकरण के आरोपि‍त मनीष तेलम और महेश कोरसा को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से एक मोबाइल, पांच डेबिट कार्ड, पासपेार्ट समेत ड्राईविंग लाईसेंस जब्‍त किया गया है। उल्‍लेखनीय है कि प्रकरण में इसके पूर्व मुख्य आरोपि‍त किशोर गुहा एवं अशोक देहारी की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य आरोपि‍त किशोर गुहा से बरामद सम्पत्ति दो लाख छः हजार छः सौ पचास रूपये, मोबाईल चार, विदेशी मुद्राएं पासपेार्ट, यूएई का वीजा जब्‍त किया गया था।

—————