ट्रांसफर के 15 दिन बीते, प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दुबे ने नहीं छोड़ी कुर्सी

Share

ट्रांसफर के 15 दिन बीते, प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दुबे ने नहीं छोड़ी कुर्सी

पलामू, 6 मई (हि.स.)। पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के स्त्रोनत उच्च विद्यालय सेलारी के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार दुबे विभागीय आदेश को अंगूठा दिखा रहे हैं। ट्रांसफर के 15 दिन बीत जाने के बाद भी उन्होंने अपने नवपदस्थापित विद्यालय में योगदान नहीं दिया है। इसे लेकर पोषक क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।

उल्लेखनीय है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दुबे की ओर से व्हाट्सएप के माध्यम से विद्यालय की छात्रों से अश्लील चैट किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच करायी गयी थी। क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी सदर मेदिनीनगर के द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन के आलोक में स्त्रोनत उच्च विद्यालय कटैया हरिहरगंज में पांच शिक्षकों के विरूद्ध एक शिक्षक पदस्थापित रहने एवं छात्र-शिक्षक अनुपात को देखते हुए अजय दुबे का प्रतिनियोजन उस स्कूल में कर दिया गया है।

ट्रांसफर के बाद भी प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर अजय दुबे के बने रहने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और उन्होंने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाया है। पूर्व प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा, बालेश्वर पांडेय, विजय शर्मा, श्याम बिहारी शर्मा, बुधन शर्मा, रामजन्म मिस्त्री, अजय साव समेत अन्य ने मंगलवार को कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक पर अश्लील चौट मामले में नियमतः कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन विभाग ने लीपापोती कर मात्र ट्रांसफर करके अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली है। प्रभारी प्रधानाध्यापक आखिर किसके बल पर अबतक विभाग को अंगूठा दिखा रहे हैं। क्या विभागीय आदेश से उपर प्रभारी प्रधानाध्यापक हो गए हैं। पिछले दिनों इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक डा. शशिभूषण मेहता को भी आवेदन दिया गया था। विधायक ने भी तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया था, लेकिन विधायक के आदेश को भी दरकिनार कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दुबे की मनमानी से पिछले ढाई महीने से स्कूल में मध्यान भोजन योजना बंद है।

मामले में पलामू के जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दुबे के प्रतिनियोजन करने के बाद अभी तक उस विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक किसी शिक्षक को नहीं बनाया गया है। इसी कारण अजय दुबे अबतक अपने पद पर बने हुए हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक की नियुक्ति होते ही उन्हें प्रतिनियोजित स्कूल स्त्रोनत उच्च विद्यालय कटैया हरिहरगंज भेज दिया जायेगा।

—————