काेंड़ागांव जिले के मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित

Share

काेंड़ागांव जिले के मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित

काेंड़ागांव, 13 मई (हि.स.)। जिले के कलेक्ट्रेट भवन के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में आज मंगलवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना ने छात्रों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 5वीं से पी.एम. विश्रामपुरी की यामिनी मरकाम, सेजेस जामकोटपारा से नित्याभ दिवान, गिरीदीप हाई स्कूल केशकाल से हिमांश सिन्हा, कुशाग्र मंगलम निराला, तंसुश्री पटेल एवं कृतिका यादव, प्राथमिक शाला देवगांव से सुर्या ठाकुर, और पी.एम. स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय माकड़ी से आलोक शर्मा शामिल हैं।

कक्षा 8वीं से पी.एम. सेजेस केशकाल की निकिता कुंभकार, कन्या शिक्षा परिसर पीपरा की अंजली मरकाम, और पी.एम. महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव से चिरंजीव देवांगन को सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 10वीं से पी.एम. केशकाल के आदिदेव सोनवानी, सेजेस जामकोट कोंडागांव की मुस्कान देवांगन, पी.एम. फरसगांव की याशिका चौधरी एवं यशस्वी सोंसर्वे को सम्मान प्राप्त हुआ। कक्षा 12वीं में सेजेस जामकोटपारा की शिवानी पटेल, पी.एम.श्री केशकाल की जैनाब पारेख और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव की निशा पांडेय को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने जिले का गौरव बढ़ाया है। भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते रहिए और अपने परिवार, समाज एवं राज्य का नाम रोशन कीजिए।

—————