सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू, निकली कलश यात्रा

Share

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू, निकली कलश यात्रा

खूंटी, 3 मई (हि.स.)। नेताजी चौक खूंटी के समीप कर्रा रोड में अवस्थित भाला भवन में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ शनिवार को भक्तिपूर्ण वातावरण में शुरू हुआ।

नौ मई तक प्रतिदिन अपराह्न 4.30 से 8.30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे प्रख्यात कथा वाचक धीरज कृष्ण शास्त्री जी व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथामृत का रसास्वादन कराएंगे।

ज्ञान यज्ञ के पहले दिन शनिवार सुबह शहर में मंगल कलश यात्रा निकाली गई। स्थानीय महादेव मंडा परिसर से बाजे-गाजे के साथ निकाली गई मंगल कलश यात्रा में शामिल सैकड़ों महिलाओं ने मंगल कलशों को शिरोधार्य कर नगर भ्रमण किया।

कलश यात्रा के आगे-आगे फूलों से सुसज्जित वाहन पर प्रस्तुत राधा कृष्ण से संबंधित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

स्व सुधा भाला की पुण्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ओमप्रकाश भाला पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता को अपने माथे में रखकर शोभा यात्रा के आगे-आगे चल रहे थे।

कलश यात्रा में निवर्तमान वार्ड पार्षद अनूप साहू, ज्योतिष भगत, मदन मोहन गुप्ता, सुभाष मिश्रा, कृष्णानंद तिवारी, सुनील कुमार साहू, विशाल साहू, जयप्रकाश भाला, माधव भाला सहित बड़ी संख्या में शामिल अन्य महिला-पुरुष श्रद्धालु भजनों की धुन पर जयकारा लगाते चल रहे थे।

—————