मथुरादास माथुर अस्पताल में पेपर स्प्रे की बोतल फटने से मची अफरातफरी
जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। मथुरादास माथुर अस्पताल की न्यू डायग्नोस्टिक विंग में मंगलवार दोपहर उस वक्त एकबारगी अफरातफरी मच गई, जब यहां किसी के पास रखी पेपर स्प्रे की बॉटल में अचानक ही विस्फोट हो गया। हल्के धमाके के साथ इससे निकली गैस से लोगों के आंखों में जलन और खांसी होने लगी, तो लोग बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार एमडीएम अस्पताल परिसर में ट्रोमा सेंटर से कुछ दूरी पर स्थित न्यू डायग्नोस्टिक विंग में रोजाना की तरह मंगलवार दोपहर के समय भी मरीजों व परिजनों की आवाजाही चल रही थी। उस दौरान अचानक ही यहां हल्के विस्फोट से सभी लोग चौंक गए। कोई कुछ समझ पाता, तब तक यहां गैस फैल गई और उससे लोगों की आंखों में जलन और खांसी होने लगी। इस पर लोग बाहर की ओर भागे। बाद में पता चला कि किसी व्यक्ति के पास पेपर स्प्रे रखा था और उसी में अचानक विस्फोट होने से यह स्थिति बनी। इसकी जानकारी मिलने पर एमडीएमएच अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित सहित अन्य अधिकारी भी यहां पहुंचे।
यहां प्रारंभिक छानबीन में पता चला कि अमूमन महिलाओं व युवतियों द्वारा सेल्फ डिफेंस के लिए अपने पास रखी जाने वाली पेपर स्प्रै की बॉटल थी। जो एक युवती के हाथ से नीचे गिरते ही फट गई थी। हालांकि, यह स्प्रे की बॉटल कौन लेकर आया था, इसकी पड़ताल करने पर पता चला एक युवती यहां आई थी, जिसके हाथ से गिर गई थी, लेकिन घटना के बाद वो गुपचुप ही वहां से निकल गई। गनीमत रही कि इस घटना से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।