जद (यू) में संगठनात्मक विस्तार, तीन नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) ने पूर्वी सिंहभूम जिले में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को तीन प्रमुख पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। इन नियुक्तियों से पार्टी को जिले में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को विस्तार देते हुए तीन नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। कदमा निवासी और पूर्व भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह को जिला सचिव, रामजन्मनगर कदमा निवासी दिनेश कुमार सिंह को श्रमिक प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष और बारीडीह निवासी पूर्व भाजमो नेता विजय राव को क्रीड़ा प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
सुबोध श्रीवास्तव ने बताया कि ये तीनों नेता लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और इनके कार्यक्षेत्र में अच्छा जनसंपर्क है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवमनोनीत पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन हित में कार्य करेंगे। इन नियुक्तियों से पार्टी को पूर्वी सिंहभूम जिले में एक नई मजबूती मिलेगी और जनाधार बढ़ेगा। पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि ये नेता जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
—————