विधायक ने लिया फसलों की बर्बादी का जायजा, मुआवजे का आश्वासन

Share

विधायक ने लिया फसलों की बर्बादी का जायजा, मुआवजे का आश्वासन

खूंटी, 9 मई (हि.स.)। विधायक सुदीप गुड़िया ने शुक्रवार को तोरपा प्रखंड की सुंदारी पंचायत के विभिन्न गांवों-टोलों में मौसमी मार और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों की बर्बादी का जायजा लिया। विधायक ने खेतों में जाकर किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फसल नुकसान का त्वरित आकलन कर प्रशासन से मुआवजे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत पर मौसम की मार भारी पड़ी है। सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा।

इसके साथ ही विधायक ने क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था में सुधार पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा मिले, इसके लिए जरूरी योजनाएं तुरंत शुरू की जाएं। किसानों ने विधायक की पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उन्हें जल्द मुआवजा मिलेगा।

भोक्ताओं के बीच फल और पानी का वितरण

तोरपा प्रखंड के सुंदारी गांव में झूलन के साथ शिवोपासना का पर्व मंडा शुक्रवार को संपन्न हो गया। इसमें 21 भोक्ताओं ने हिस्सा लिया। मंडा पूजा के समापन के मौके पर विधायक सुदीप गुड़िया ने भोक्ताओं के बीच फल और पानी का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्व त्योहार हमें आपस में जोड़ते हैं। हमारी विशेषता है कि हम सभी त्योहार आपस में मिल जुलकर मनाते हैं। मौके पर पुरेन्द मांझी, गंझू प्रधान, संतोष त्रिपाठी, मुखिया विमला डोडराय, जेम्स आईंद, मुकेश सिंह, नयन सहित अन्य उपस्थित थे।

—————