फतेहाबाद : स्वामी ज्ञानानंद ने पंचनद सदन में किया ‘संत निवास’ का शिलान्यास
फतेहाबाद, 26 मई (हि.स.)। पंचनद सेवा ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन पंचनद सदन में ‘संत निवास’ का शिलान्यास सोमवार को गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में धूमधाम से किया गया। शिलान्यास समारोह में विशेष तौर पर सुंदर दास चावला, रिटायर्ड एससी, बिजली बोर्ड एवं पंजाबी सभा हस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर ने परिवार के साथ भाग लिया और ‘संत निवास’ के लिए 11 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा करते हुए संत स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज से सपरिवार आशीर्वाद लिया। उन्होंने पंचनद सदन को विश्वास दिलाया कि जब भी पंचनद निर्माण के लिए कोई आवश्यकता होगी तो वह हमेशा तैयार रहेंगे। शिलान्यास समारोह के बाद अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा एडवोकेट, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कारपोरेशन के चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा को पंचनद पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचनद सेवा ट्रस्ट के 15 नए ट्रस्टी भी बनाए गए। नए बनाए गए ट्रस्टियों ने स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में मंच संचालन पंचनद सेवा ट्रस्ट के सचिव पवन रूखाया ने किया। ‘संत निवास’ शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि पंचनद अपने आप में बहुत बड़ी संस्कारी संस्था है। आने वाले समय में इसकी और ज्यादा पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि थोड़े समय में पंचनद ने अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन विभीषिका दिवस को राष्ट्र स्तर पर जो पहचान दी है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा ने कहा कि वे पंजाबी समाज के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं और इसके लिए आप सबके सहयोग की आवश्यकता है। बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के लोगों को मान-सम्मान देने का काम किया है। समाज से जुड़े कामों को प्राथमिक तौर पर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पंचनद को किसी भी प्रकार के सहयोग की जरूरत होगी, उसे पूरा करवाने में सहयोग किया जाएगा।