जिला टॉपर प्रतिमा गोराई का बागबेड़ा में भव्य सम्मान
पूर्वी सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। बागबेड़ा के गांधीनगर निवासी और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) मैट्रिक परीक्षा 2025 की जिला टॉपर प्रतिमा गोराई का गुरुवार को बागबेड़ा महानगर विकास समिति की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रतिमा ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनके पिता कृष्णा गोराई ठेले पर इडली-डोसा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, वहीं मां मुक्तिनाथ गोराई गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रतिमा ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
गांधीनगर के दांगी समाज भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला मुख्यालय प्रभारी सुबोध झा ने प्रतिमा को मेडल, टॉपर कप, मिठाई खिलाकर और साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रतिमा के माता-पिता को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति के संयोजक विनोद राम, महिला मोर्चा की संयोजक पवित्रा पांडे, महिला मोर्चा की अध्यक्ष रितु सिंह, गांधीनगर संयोजक दीपक दांगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर सुबोध झा ने कहा प्रतिमा ने जिले का नाम रोशन किया है। समिति उनकी आगे की पढ़ाई, एडमिशन सहित सभी शैक्षणिक खर्चों की जिम्मेदारी लेगी। प्रतिमा ने अपने सपनों के बारे में बताते हुए कहा मैं विमेंस कॉलेज में साइंस से पढ़ाई कर टीचर बनना चाहती हूं और गरीब बच्चों को शिक्षा देना चाहती हूं।
समिति के संयोजक विनोद राम ने आश्वासन दिया कि प्रतिमा की पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य में उनकी शादी आदि में भी समिति हर संभव सहयोग करेगी, जिसमें टेंट, पंडाल, लाइट आदि की व्यवस्था शामिल है।
इस सम्मान समारोह में बागबेड़ा महिला मोर्चा की संयोजक पवित्रा पांडे, अध्यक्ष रितु सिंह, विनोद राम, दीपक दांगी, मनोरमा देवी, कुसुम रानी, बबीता शर्मा, सरिता कुमारी, श्वेता सिंह, अखिल कुमार, अखिलेश कुमार, राजीव कुमार, विनोद डांगी, मनोज शर्मा सहित सैकड़ों समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतिमा की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। समिति और समाज ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
—————