फतेहाबाद: फसल खराब करने से परेशान किसान ने नहर में कूदकर दी थी जान, एक गिरफ्तार

Share

फतेहाबाद: फसल खराब करने से परेशान किसान ने नहर में कूदकर दी थी जान, एक गिरफ्तार

फतेहाबाद, 22 मई (हि.स.)। कुछ लोगों द्वारा फसल खराब करने से परेशान होकर एक किसान ने नहर में कूदकर जान दे दी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए जाखल पुलिस ने गुरूवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बलदेव सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी कुलरिया, जिला मानसा, पंजाब के रूप में हुई है।

थाना जाखल प्रभारी एसआई कुलदीप ने बताया कि इस बारे पुलिस ने 19 मार्च को पंजाब के मानसा जिले के गांव कुलरियां निवासी महिला गुरमेल कौर की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका लडक़ा जसप्रीत खुद खेती करता था और अब गेहूं की बिजाई की हुई थी। गत दिवस बलदेव सिंह, अमरीक, बिकर सिंह, लखविन्द्र सिंह निवासी कुलरियां ने उनके तीन किले गेहूं के खेत में अपने ट्यूब्वैल से पानी भर दिया जिस कारण उनकी गेहूं की फसल खराब हो गई थी। इस पर जसप्रीत सिंह ने कुलरियां पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पर चौकी में बलदेव सिंह, अमरीक सिंह, बीकर सिंह व लखविन्द्र सिंह ने नुकसान का हर्जाना देने की बात कही।

इसके बाद सभी लोग उसके घर आ गए और कहा कि वह कहीं भी शिकायत कर लें, वह उसके नुकसान की भरपाई नहीं करेंगे बल्कि बाकी खेत में भी पानी भरकर उसकी फसल खराब कर देंगे। इसके बाद इन लोगों ने जसप्रीत व उसके परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी। महिला ने कहा कि इससे परेशान होकर उसके लडक़े जसप्रीत सिंह ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला ने आरोप लगाया कि बलदेव सिंह, अमरीक सिंह, बीकर सिंह व लखविन्द्र सिंह द्वारा उनकी फसल खराब करने और जान से मारने की धमकी देने से परेशान होकर उसके लडक़े जसप्रीत ने कुदनी हैड में कूदकर आत्महत्या की है। इस मामले में जाखल पुलिस ने केस दर्ज किया और आगामी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।