फतेहाबाद में आंधी व बारिश ने मचाई तबाही, बिजली के खंभे व पेड़ गिरे
फतेहाबाद में करीब 12 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
फतेहाबाद, 25 मई (हि.स.)। जिलेभर में शनिवार देर रात जमकर बारिश हुई। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को इस बरसात से जहां राहत मिली वहीं इस बरसात से पहले आई तेज आंधी ने जिले में जमकर तबाही मचाई। जगह-जगह पेड़ टूटकर सडक़ों पर गिर गए और बिजली के खंबे व ट्रांसफार्मर भी जमीन पर गिरने से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप्प हो गई। बिजली निगम के अनुसार जिले में तेज आंधी से 170 के करीब पोल और 20 के करीब ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरकर खराब हो गए हैं। रविवार सुबह ही बिजली निगम की अलग-अलग टीमें खंबों और ट्रांसफार्मरों को दुरूस्त करने के काम में जुट गई। फतेहाबाद शहर में दोपहर 12 बजे तक बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई वहीं अनेक क्षेत्रों में देर शाम तक बिजली ठप्प रही। जिले के भूना क्षेत्र के गांव गोरखपुर में पंचायत द्वारा पक्षियों के लिए बनाया गया करीब 40 फुट ऊंचा पक्षी घर भी टूटकर जमीन पर आ गिरा। कुछ घायल पक्षियों को ग्रामीणों ने संभाला। गांव एमपी रोही की गोशाला में तेज आंधी के कारण पांच खंभे और ट्रांसफॉर्मर टूट कर गिर गए। गोशाला संचालकों ने बिजली निगम को सूचना दी। अब गोशाला में बिजली बहाल करने में दो दिन लग जाएंगे। बरसात के कारण शहर के अनेक निचले इलाकों में पानी भर गया। बरसाती पानी लोगों के घरों मे जा घुसा। शहर की सडक़ों ने तालाब का रूप ले लिया। शहर से पानी निकासी को लेकर किए गए प्रबंधों के चलते कुछ ही घंटों में सडक़ों से पानी की निकासी कर दी गई लेकिन रातभर वाहन चालक सडक़ों पर हुए जलभराव के कारण परेशान रहे। बिजली निगम के एक्सईएन संदीप मेहता ने बताया कि रविवार को लाइन स्टाफ टूटे पोल और डैमेज की पूरी रिपोर्ट बना रहा है। इसके बाद ही आकलन हो पाएगा, बाकी तेज आंधी से इन्फ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले भी आई आंधी के कारण 600 से अधिक पोल टूटे थे। अनेक क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।
फतेहाबाद में हुई बरसातभूना : 4 एमएमरतिया : 3 एमएमभट्टूकलां : 29 एमएमफतेहाबाद : 33 एमएमटोहाना : 39 एमएमजाखल : 24 एमएमकुलां : 52 एमएम