तत्परता और समर्पण के साथ काम करें आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका : सुमन

Share

तत्परता और समर्पण के साथ काम करें आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका : सुमन

खूंटी, 3 मई (हि.स.)। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन सिंह ने शनिवार को मुरहू प्रखंड मे विलेज हेल्थ सेनिटेशन एंड न्यूट्रीशन डे(वीएचएसएनडीं) के सत्र स्थलों का निरीक्षण किया।

मुरहू प्रखंड के इट्ठे, पोकला तथा गोड़ाटोली के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित वीएचएसएनडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, एएनएम और सहिया सभी उपस्थित पाई गईं तथा सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो रही थीं। पोषाहार वितरण, टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का कार्य सही ढंग से संपन्न पाया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने पोषण वाटिका का भी अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जानेवाले पोषाहार के साथ ही शिक्षा को लेकर भी उन्होंने निर्देश दिये, जिससे उनका सर्वागीण विकास हो। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने उपस्थित कर्मियों को उनकी कार्यकुशलता के लिए प्रोत्साहित किया और निर्देश दिया कि भविष्य में भी सभी गतिविधियों को इसी तत्परता और समर्पण के साथ संपादित किया जाए, ताकि लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंच सके।

—————