उप महापौर ने मेगा सफाई अभियान के तहत राजेंद्र नगर क्षेत्र का किया निरीक्षण

Share

उप महापौर ने मेगा सफाई अभियान के तहत राजेंद्र नगर क्षेत्र का किया निरीक्षण

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। दिल्ली के उप महापौर जय भगवान यादव ने गुरुवार को मेगा सफाई अभियान के तहत सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लेने के लिए राजेन्द्र नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया।

बड़ा बाजार रोड एवं पूसा रोड मुख्य मार्ग के निरीक्षण के दौरान उप महापौर जय भगवान यादव ने निगम अधिकारियों को क्षेत्र का अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की वजह से नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है और सफाई व्यवस्था में भी रूकावट आ रही है।

उप महापौर ने अजमल खा रोड के गड्ढे को भरने व मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि क्षेत्र में कहीं पर भी जल भराव ना हो। इसके साथ ही उन्होंने निगम अधिकारियों को खाने से सम्बंधित दुकानों के लाइसेंस की जाँच करने के और बिना लाइसेंस के चल रही दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। ताकि अवैध खानपान वाली दुकानों के कारण क्षेत्र में होने वाली अतिक्रमण की समस्या खत्म हो व नागरिकों के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखा जा सके।

उप महापौर जय भगवान यादव ने कहा कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए नगर निगम की भाजपा सरकार दिल्ली के नागरिकों को हर संभव सुविधा प्रदान करने का प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद आरती चावला, करोलबाग क्षेत्र के उपायुक्त स्वेतिका सचान, अन्य निगम अधिकारी, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

—————