रतिया में जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग की कार्रवाई, सर्विस स्टेशनों के काटे अवैध कनेक्शन
फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग द्वारा बुधवार को फतेहाबाद उपायुक्त मनदीप कौर के आदेशानुसार रतिया के टोहाना रोड पर अवैध कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लगभग 18 से ज्यादा कनेक्शन काटे गए। विभाग के जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली ने बताया कि अभियान के चलते टोहाना रोड पर सर्विस स्टेशनों पर लगे हुए अवैध पानी के कनेक्शन को काटा गया है और उनको चेतावनी के तौर पर नोटिस भी पकड़ा गया है और उनका 24 घंटे के अंदर विभाग के ऑफिस में आकर अपना कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए भी कहा गया है। वहीं अवैध कनेक्शन करने वालों को चेतावनी भी दी गई है अगर दोबारा अवैध कनेक्शन किया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग के कनिष्ठ अभियंता छोटू राम ने बताया कि पीने के पानी का दुरुपयोग नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीने के पानी से ना तो सर्विस स्टेशन चलने देंगे और ना ही खाली पड़े प्लाट में सब्जियां आदि होने देंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अगर आपके आस पड़ोस में भी कहीं खाली प्लाट या अवैध कनेक्शन लगा हुआ है तो इसकी सूचना विभाग को दे ताकि उसे पर कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर विवाह के कर्मचारी शमशेर सिंह, दलबीर सिंह, नफे सिंह, भीम सिंह, रवि सिंह, ईश्वर सिंह, अमन सिंह, कुलदीप सिंह, दीपक सिंह, कुलदीप सिंह बीआरसी आदि मौजूद रहे।