दिल्ली सरकार शनिवार सौ दिनों की प्रगति रिपोर्ट पेश करेगी

Share

दिल्ली सरकार शनिवार सौ दिनों की प्रगति रिपोर्ट पेश करेगी

नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में दिल्ली सरकार अपने 100 दिनों की उपलब्धियों का संपूर्ण विवरण जनता के सामने प्रस्तुत करेगी।

दिल्ली सरकार के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर दिल्ली सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने इतने कम दिनों में जनहित में ठोस और निर्णायक कदम उठाए हैं। यह दिल्ली की दिशा और दशा में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। इस मौके पर उनके साथ दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, रविंद्र इंद्रराज सिंह और कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इस मौके दिल्ली सरकार के 100 दिन की प्राथमिक उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने वाली ‘दिल्ली की विकास यात्रा’ नामक वर्कबुक का विमोचन किया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने यह ऐलान किया कि दिल्ली सरकार के 100 दिनों की जनहित में कार्य करने को लेकर एक पैंपलेट भी हर घर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि जनता को यह बताया जा सके कि उनकी सरकार किस प्रकार 24×7 समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार यह दावा नहीं करते कि 100 दिन में सब कुछ बदल गया है, लेकिन हम पूरे विश्वास से कह सकते हैं कि इन 100 दिनों में हमने जनता के विश्वास को मजबूत करने वाले कदम उठाए हैं। दिन हो या रात, दिल्ली की सड़कों पर जनता के हित में निरंतर रूप से कार्य करती रही है।

मुख्यमंत्री ने वर्कबुक की प्रमुख विशेषताओं को साझा करते हुए कहा कि सरकार ने बीते 100 दिनों में जनहित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। यह ‘वर्कबुक’ एक जीवंत दस्तावेज है, जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाता रहेगा ताकि जनता को सरकार की निरंतर प्रगति की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने यह भी बताया कि अगले 10 दिनों के भीतर यह ‘वर्कबुक’ राजधानी की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और प्रत्येक वार्ड में जनसभाओं के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन जनसभाओं में दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद और सांसद जनता को न केवल 100 दिन की प्रगति से अवगत कराएंगे, बल्कि जनता से आगे के लिए सुझाव और योजनाओ पर जानकारी भी लेंगे।

उन्होंने कहा कि आज केंद्र और राज्य सरकार एक साथ मिलकर ‘डबल इंजन’ की सरकार के रूप में जनता की सेवा कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को विकसित बनाने की दिशा में हम निरंतर कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनता का पैसा भ्रष्टाचार में बर्बाद किया, जबकि वर्तमान सरकार ने जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है।

—————