फतेहाबाद : गोल गप्पे खाकर रेहड़ी चालक को ठगा,मोबाइल से 10 हजार ट्रांसफर

Share

फतेहाबाद : गोल गप्पे खाकर रेहड़ी चालक को ठगा,मोबाइल से 10 हजार ट्रांसफर

फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। जिले के शहर टोहाना में ठगों ने गोल गप्पे की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक को अपना शिकार बनाया। गोल गप्पे खाने के बाद पैसे मंगवाने के नाम पर ठगों ने उसका फोन मांगा और 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। रेहड़ी चालक को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में बुधवार को पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भूडऩगरिया, जिला अलीगढ़, यूपी हाल आजाद नगर टोहाना निवासी गोकुल सिंह ने कहा है कि वह टोहाना बस स्टैंड के पास गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता है। गत दिवस दो युवक उसकी रेहड़ी पर आए और गोल गप्पे खाकर बोले के वह पैसा लाना भूल गए। एक बार मोबाइल देना, उन्हें पैसे मंगवाने है। गोकुल ने बताया कि इसके बाद उसने अपना मोबाइल इन युवकों को दे दिया। उक्त युवकों ने धोखाधड़ी करके उसके फोन पे अकाउंट से 10 हजार रुपये दूसरे फोन पर भेज दिए। जब उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला तो उसने अपना फोन चैक किया। इसके बाद उसने जब जिस नंबर पर पैसे भेजे गए थे, उस अकाउंट होल्डर अनिल से बात की तो उसने बताया कि उसकी टोहाना में श्री श्याम फोटोस्टेट के नाम से दुकान है। एक लडक़ा उसके पास आया था और कहा कि उसको कैश की जरूरत है। वह उसे ऑनलाइन पैमेंट करवा देता है। इसके बाद 10 हजार रुपये पैमेंट ऑनलाइन आने के बाद वह उससे 10 हजार रुपये कैश ले गया है। इस पर रेहड़ी चालक ने अपने साथ हुए फ्रॉड के बारे में 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में थाना शहर टोहाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।