फतेहाबाद : ट्रेडिंग में प्रॉफिट कमाने का लालच देकर जेल विभाग के क्लर्क से 88 हजार ठगे

Share

फतेहाबाद : ट्रेडिंग में प्रॉफिट कमाने का लालच देकर जेल विभाग के क्लर्क से 88 हजार ठगे

फतेहाबाद, 22 मई (हि.स.)। ट्रेडिंग में प्रॉफिट कमाने का लालच देकर साइबर ठग ने जेल विभाग में कार्यरत क्लर्क से 88 हजार 805 रुपये हड़प लिए। पैसे ट्रांसफर होते ही आरोपी ने क्लर्क का न तो फोन उठाया और बाद में उसका नंबर ही ब्लॉक कर दिया। इस बारे में पीड़ित युवक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। अब इस मामले में गुरूवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने क्लर्क की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव नाढोड़ी निवासी गुरसेवक सिंह पुत्र जगरूप सिंह ने कहा कि वह जेल विभाग पंचकूला में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। 18 मई को उसके मोबाइल नंबर पर व्हाटसएप कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि अगर वह ट्रेडिंग करना चाहता है तो वह उसको ट्रेडिंग करवा कर अच्छा प्रोफिट दिला सकता है। इस पर उसने ट्रेडिंग करने के लिए हां कर दी। इसके बाद उसे एक यूपीआई आईडी दी और उस पर ट्रेडिंग शुरू करने के लिए 88 हजार 805 रुपये भेजने को कहा। गुरसेवक ने बताया कि उसने अपने गूगल-पे नंबर से 88 हजार 805 रुपए बताई गई यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कर दिए। गुरसेवक ने कहा कि इसके बाद जब उसने उक्त नंबर पर कॉल की तो न तो उसका फोन उठाया और न ही उसे कोई जवाब दिया बल्कि उसका नंबर भी ब्लाक कर दिया। इसके बाद उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला। गुरसेवक ने आरोप लगाया कि अज्ञात ठग ने ट्रेडिंग के नाम पर उससे 88 हजार 805 रुपए हड़प लिए हैं। इसके बाद उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।