श्रमिक विरोधी कानूनों पर जताया रोष, जुलूस निकाला

Share

श्रमिक विरोधी कानूनों पर जताया रोष, जुलूस निकाला

केंद्रीय श्रम संगठनों का देशव्यापी विरोध दिवस: श्रमिक समस्याओं के समाधान को लेकर सौंपा 18 सूत्रीय ज्ञापन

जोधपुर, 20 मई (हि.स.)। केंद्रीय ट्रेड यूनियन संगठन एनडब्ल्यूआरएमयू, एआईसीटीयू, एचएमएस, एटक, इंटक, आर सीटू, सीआईटीयू के देशव्यापी विरोध दिवस के तहत मंगलवार को जोधपुर शहर में भी जुलूस निकाला गया। जुलूस के बाद एक सभा का आयोजन भी किया गया। साथ ही श्रमिक समस्याओं के समाधान को लेकर 18 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

केन्द्रीय संयुक्त श्रमिक संगठन के संयोजक मनोज कुमार परिहार ने बताया कि सभी केंद्रीय श्रम संगठन व उनसे जुड़े अन्य संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मंगलवार सुबह रेलवे स्टेशन रोड स्थित नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से जुलूस आरम्भ हुआ जो रेलवे स्टेशन, पुरी तिराहा होता हुआ पुन: नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन कार्यालय पर पहुंचकर संपन्न हुआ। यहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक-कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी संशोधनों को श्रमिक हित में तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाकर चारों लेबर कोड को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए। न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए प्रतिमाह तय किया जाए तथा श्रम कानूनों की पालना संस्थानों में सुनिश्चित की जाए। श्रमिक एवं कर्मचारी जगत के समक्ष उत्पन्न भयावह स्थिति सहित आवश्यक वस्तुएं तथा सब्जियों की बढ़ती कीमतें आम लोगों के जीवनयापन में भारी कठिनाईयां पैदा कर रही है। अनेक क्षेत्रों में मंदी और आर्थिक तंगी के कारण लाखों श्रमिकों एवं कर्मचारियों के बेरोजगार होने के कारण उनका व उनके परिजनों का जीवनयापन मुश्किल हो रहा है। देशभर में न्यूनतम वेतन, कार्यविधि, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा बंदोबस्त एवं ट्रेड यूनियन अधिकारों संबंधी मौलिक कानूनों की अवहेलना मेहनतकशों की आर्थिक कठिनाईयों को दिन प्रतिदिन बढ़ा रही है।

इस दौरान श्रमिक समस्याओं के समाधान हेतु मनोज परिहार, गोपीकिशन, महेन्द्र व्यास, मुकेश सक्सेना, नदीम खान, मण्डलदत्त जोशी, द्वारकेश व्यास, बृजकिशोर, महिपाल राजेन्द्र सिंह सहित प्रतिनिधि मण्डल ने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा।