मारवाड़ी युवा मंच ने की अमृतधारा कार्यक्रम की शुरूआत
खूंटी, 6 मई (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच खूंटी नगर शाखा के सौजन्य से मंगलवार को जनसेवा कार्यक्रम अमृतधारा (निःशुल्क पीने का ठंडा आरओ पानी) का एक साथ आठ स्थानों पर शुभारंभ किया गया।
मारवाड़ी युवा मंच द्वारा प्रत्येक वर्ष भीषण गर्मी के दौरान आम राहगीरों, स्कूली छात्रों और खूंटी वासियों के लिए निःशुल्क पीने का ठंडा आरओ पानी शहर के विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराया जाता है।
इस वर्ष भी मंच द्वारा एक साथ आठ स्थानों पर अमृतधारा कार्यक्रम के अंतर्गत पीने का शुद्ध आरओ जल उपलब्ध कराया गया। मंच के संस्थापक अध्यक्ष श्रीपाल चंद जैन ने फीता काट कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
जैन ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच पूरे राष्ट्र में अमृतधारा कार्यक्रम चलाता है। मारवाड़ी समाज द्वारा आम राहगीरों को शुद्ध आरओ जल उपलब्ध कराने के अलावा घरों की छत पर चिड़ियों के लिए और घर के सामने पशुओं के लिए भी सालों भर पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।
सेवा भावना के साथ मंच का हर कार्यकर्ता काम करता है। मौके पर मंच के अध्यक्ष अंकित जैन, सचिव मुकुल पीपुरिया, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
—————