सेवानिवृत्त हुए बीस शासकीय सेवकों को अपर कलेक्टर ने प्रदाय किया पेंशन प्राधिकार पत्र

Share

सेवानिवृत्त हुए बीस शासकीय सेवकों को अपर कलेक्टर ने प्रदाय किया पेंशन प्राधिकार पत्र

जगदलपुर, 1 मई (हि.स.)। कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त हुए 20 शासकीय सेवकों को अपर कलेक्टर सीपी बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंट करने सहित शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया और पेंशन प्राधिकार पत्र प्रदान किया ।

इस दौरान उन्होंने कहा कि, शासन की पहल से प्रत्येक माह सेवानिवृत्त हो रहे जिले के शासकीय सेवकों को उनकी शासकीय सेवा काल के समाप्ति के समय पर ही पीपीओ जारी करने का सार्थक प्रयास लगातार किया जा रहा है। साथ ही अब सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को तत्काल जीपीएफ प्राधिकार पत्र भी प्रदान किया जा रहा है। अपर कलेक्टर श्री बघेल ने इन सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को घर-परिवार और समाज के लिए ज्यादा समय देने की समझाइश देते हुए कहा कि इतनी लम्बी शासकीय सेवा के दीर्घानुभव को अब समाज के हित में लगाएं। समाज को जागरूक करने सहित भावी पीढ़ी को भी सरकारी सेवाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करें।

इस मौके पर उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों की स्वस्थ और सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर सयुंक्त संचालक कोष-लेखा एवं पेंशन शकमलेश रायस्त ने भी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों की स्वस्थ-सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी संजय सोनवानी ने बताया कि, अप्रैल माह में सेवानिवृत्त 35 शासकीय सेवकों में से 20 को पेंशन प्राधिकार पत्र जारी की गई है। वहीं 7 सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को जीपीएफ प्राधिकार पत्र प्रदान किया गया है। शेष शासकीय सेवकों का आवश्यक कार्यवाही के बाद जल्द पीपीओ एवं जीपीएफ प्राधिकार पत्र जारी कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों ने भी अपने अनुभव को साझा कर शासन-प्रशासन के द्वारा सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजन को सराहनीय पहल निरूपित करते हुए आभार व्यक्त किए।

—————