शादी से लौट रहे युवक की मौत, तीन घायल
सरायकेला, 30 अप्रैल (हि.स.)। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत केपाठ गांव निवासी शत्रुधन टुडू (36) की मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा वृंदावन गार्डन पुल के पास उस वक्त हुआ, जब शत्रुधन अपने तीन साथियों के साथ बाइक से रामगढ़ गांव से शादी की पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था।
इसी दौरान उसकी बाइक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे में बाइक सवार सभी चार लोग घायल हो गए। इनमें शत्रुधन को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य को मामूली चोट लगी है। घायल अवस्था में शत्रुधन को उसके दोस्तों एमजीएम अस्पताल ले गये , जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक मजदूरी का कार्य करता था।
घटना की सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों में मृतक की भगीनी पूजा बिसरा, जोटल बिसरा सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
—————