फतेहाबाद: पोर्टल पर सफाई कर्मचारियों की हाजरी लगाने के आदेश का विरोध
फतेहाबाद, 6 अप्रैल (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई फतेहाबाद की मीटिंग संघ के यूनियन कार्यालय में रविवार को इकाई प्रधान विजय ढाका की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग का संचालन सचिव ओम प्रकाश लोट ने किया। बैठक में कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी आंदोलन को लेकर रूपरेखा बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए इकाई प्रधान विजय ढाका, सचिव ओम प्रकाश लोट, कोषाध्यक्ष वीरू रत्ति ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पालिका रोल सफाई कर्मचारियों का वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है जबकि महंगाई में लगातार वृद्धि हो रही है। नवंबर 2024 में प्रदेश स्तरीय वाल्मीकि जयंती समारोह में सीएम घोषणा की थी कि सफाई कर्मचारियों का वेतन 27 हजार रुपए किया जाएगा जो अभी तक लागू नहीं हुआ है। सरकार ने इससे विपरीत कार्य करते हुए एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर सफाई कर्मचारियों की हाजरी लगाने के आदेश दे दिए जो कि हरियाणा के किसी अन्य सरकारी संस्था, बोर्ड या कार्पोरेशन में लागू नहीं है। यह नगरपालिका कर्मचारियों के साथ अन्याय है। सफाई कर्मचारी को इससे दिक्कत आ रही है, उनके पद ही बदले जा रहे हैं और अपने चहेते लोगों को अन्य पदों पर लगाया जा रहा है ताकि उनको पोर्टल पे हाजरी ना लगनी पड़े। उन्होंने कहा कि संघ ने निर्णायक आंदोलन करके फरवरी 2023 में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का पत्र जारी करवाया था जिसे बीते 2 वर्ष से भी अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि संघ बीते कई वर्षों से शहर की बढ़ती आबादी व क्षेत्रफल को देखते हुए नए पद सर्जित करवाने की मांग कर रहा है लेकिन नगर परिषद प्रशासन तो इन्हीं कर्मचारियों से सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, रात्रि सफाई जैसे बेगार करवा रहा है। पूरे हरियाणा में कहीं भी सफाई अभियान नहीं चला हुआ लेकिन फतेहाबाद नगर परिषद ने कर्मचारियों को प्रताडि़त करने के लिए पिछले डेढ़ वर्ष से सफाई अभियान चलाया हुआ है जो कि फतेहाबाद प्रशासन की मनमानी है। राज्य वरिष्ठ उप प्रधान रमेश तुषामड ने बताया राज्य कमेटी ने भी एसडब्ल्यूएम पोर्टल से सफाई कर्मचारियों की हाजरी लगाने के आदेश का विरोध करते हुए ज्ञापन भेजा है। निदेशक अगर पोर्टल के पत्र को वापिस नहीं लेते तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा जल्द ही एक बड़ी राज्य स्तरीय कनवेंशन करके आंदोलन का आगाज करेगा। आज की मीटिंग मे सत्यवान टांक, नरेश राणा, राजा राम चौहान, पवन चिंडालिया, ओम प्रकाश झलनिया, अमित गिल, धीरज घोघलिया, किरण, रंजना सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।