देसी कट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार
खूंटी, 24 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस के वरीय पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कर्रा थाना क्षेत्र के घासीबारी गांव में बुधवार को छापेमारी कर देसी कट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुकेश महतो उर्फ फागु महतो और सुमित कुमार शामिल हैं। इस आशय की जानकारी देते हुए तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा में गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के घासीबारी गांव में एक व्यक्ति के पास हथियार है।
सूचना के आलोक में तोरपा के एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर बुधवार को घासीबारी गांव में छापेमारी कर मुकेश महतो को पकड़ा गया। उसकी सूचना के आधार पर सुमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ करने के बाद दो देसी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, रनिया थाना प्रभारी विकास जायसवाल, कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार यादव, बेडो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नंदू पैरा, हवलदार भूषण जोजो के अलावा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसडीपीओ नेे बताया कि जब पीएलएआआई नक्सली पवन गोप को गिरफ्तार किया गया, तो मुकेश और सुमित ही पीएलएआई संगठन का काम देखते थे।