संशोधित- सरकारी भूमि पर अवैध मदरसे को संचालक ने स्वतः कराया ज़मींदोज़
पन्ना, 13 अप्रैल (हि.स.)।पन्ना नगर के बीडी कॉलोनी स्थित पुराना पन्ना मे एक मदरसा लगभग पांच हजार वर्गफुट मे दो मंजिला शासकीय भूमि मे बना था जिसकी शिकायतें प्राप्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश गत दिवस दिये गए थे। जिस पर मदरसा संचालक द्वारा दो दिन का समय अतिक्रमण हटाने के लिए मांगा गया था और अब रविवार को दो दिन के अंदर मशीनों के माध्यम से उसको ज़मींदोज़ कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि शिकायत मे उल्लेख किया गया था कि उक्त मदरसे में लंबे समय से अब्दुल रउफ उर्फ हकीम के द्वारा अवैध रूप से सरकारी जमीन पर निर्माण कराया गया था। जिसमें कथित रूप से मदरसा संचालक की अवैध गतिविधियों आरोप लगाते हुये जिलाध्यक्ष वक्फ बोर्ड पन्ना कलेक्टर को आवेदन पत्र देकर उक्त अवैध मदरसे की जांच की मांग की गई। जिसके बाद प्रशासन ने अपनी जांच में पाया कि उक्त मदरसा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। जांच के दौरान मदरसा संचालक को भी अपना पक्ष रखने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा मौका दिया गया, लेकिन कथित मौलाना द्वारा प्रस्तुत किये गये दस्तावेजों के आधार पर वे अपना मालिकाना हक साबित नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन द्वारा अवैध मदरसा गिराने का निर्णय पारित किया गया। जिस पर प्रशासन द्वारा बेदखली का नोटिस जारी किया गया था।
नोटिस पहुंचने पर मदरसा संचालक द्वारा दो दिन के अंदर मदरसे को नेस्तनाबूत कर ज़मींदोज़ कर देने की बात कही गई थी। इस संबंध में रविवार को वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अब्दुल हमीद ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि अब जब प्रशासन द्वारा जांच उपरांत अब्दुल रउफ उर्फ हकीम का अवैध मदरसा तोड़ दिया गया है तो उनके कट्टर संरक्षकों में बौखलाहट है और वे हम लोगों को मारने-पीटने के लिये युवाओं को उकसा रहे हैं। वक्फ बोर्ड जिलाध्यक्ष अब्दुल हमीद पत्रकार एमएस खान तथा एजाज खान के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। जिसमें शहर सदर का भी संरक्षण होने का भी आरोप यहां इनके द्वारा लगाया गया है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने जांच कर यथोचित कार्यवाही की मांग प्रशासन से की है।
—————