फतेहाबाद में अब सप्ताह में सोमवार व गुरुवार को आयोजित होंगे समाधान शिविर
फतेहाबाद, 8 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार अब समाधान शिविर प्रतिदिन की बजाए सप्ताह में सोमवार व गुरुवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। नागरिक समाधान शिविर में निर्धारित दिवस में आकर अपनी शिकायत रख सकते हैं। मंगलवार को उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता व प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करना है। पूर्व की भांति जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर समाधान शिविर का आयोजन दोनों दिन होगा। जिला स्तरीय समाधान शिविर लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष कमरा नंबर 32 में तथा उपमंडल स्तर के समाधान शिविर रतिया व टोहाना एसडीएम कार्यालय परिसर में आयोजित होंगे। उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य समस्याओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुलझाना है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते बल्कि वे एक ही स्थान पर अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में चल रही इस पहल को जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। समय पर समाधान, समर्पित अधिकारी और आमजन की भागीदारी के साथ यह शिविर आज गुड गवर्नेंस का सशक्त उदाहरण बन गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यालय स्तर पर समाधान प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है, जहां समाधान शिविर की शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला स्तर पर भी समाधान शिविर की शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है। जिन शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होता है, उनका ऑन द स्पॉट ही समाधान करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है व जो शिकायतें नियमों से संबंधित हैं उन्हें मुख्यालय में अग्रेषित किया जा रहा है, ताकि उन शिकायतों का भी समयबद्ध निपटान हो सके।