फतेहाबाद : विदेश में बैठा रिश्तेदार बनकर इलाज के नाम पर मांगे पैसे, 50 हजार रुपये ठगे, केस दर्ज
फतेहाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। विदेश में बैठा रिश्तेदार बनकर साइबर ठग ने अस्पताल में भर्ती अपने दोस्त की पत्नी के इलाज के नाम पर एक युवती से 50 हजार रुपये ठग लिए। इस बारे पीडि़त युवती की शिकायत पर साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने गुरुवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव तलवाड़ा निवासी रज्जी पुत्री बंत सिंह ने कहा है कि गत दिवस उसके पापा के मोबाइल पर व्हाटसएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह यूके से उनका रिश्तेदार बोल रहा है। उसका एक दोस्त भारत में ही रहता है जिसकी पत्नी बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। उसका ऑपरेशन होना है जिसके लिए उसे 4 लाख रुपये की जरूरत है। उसने इस नंबर पर एक गुगल पे नंबर भेजा है, वह इस नंबर पर 1 लाख रुपये भेज दे। वह कल सारे पैसे वापस भेज देगा। इस पर उसके पापा ने उसे उक्त नंबर पर 50 हजार रुपये भेजने को कहा। इसके बाद उसने उक्त नंबर पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उनके व्हाट्सअप पर दोबारा कॉल आई और कहा कि कुछ रुपये की ओर जरूरत है, वह 50 हजार रुपये ओर ट्रांसफर कर दे। इस पर उसने कहा कि उनके पास और पैसे नहीं है। इसके बाद जब उन्होंने यूके में अपने रिश्तेदार से बात की तो उसने कहा कि उसने कोई कॉल नहीं की है और न ही उसका कोई रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती है। इस पर उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला और उसने इस बारे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।