एसडीएम के आश्वासन पर माने आढ़ती, फतेहाबाद मण्डी में गेहूं खरीद शुरू
फतेहाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.) । फतेहाबाद अनाज मण्डी में सोमवार से गेहूं की विधिवत सरकारी खरीद शुरू हो गई है। डीएफएससी द्वारा फतेहाबाद मण्डी में गेहूं खरीद न करने से खफा मण्डी के आढ़तियों ने गेहूं खरीद का विरोध करते हुए अब तक बोली नहीं करवाई थी। बोली न होने से फतेहाबाद की दोनों मण्डियां गेहूं की ढेरियों से अटी पड़ी है। सोमवार को अनाज मण्डी स्थित हनुमान मंदिर में हुई व्यापार मंडल की बैठक में पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार ने आढ़तियों को डीएफएससी द्वारा गेहूं खरीद का आश्वासन दिया जिसके बाद आढ़ती मानें और बाद में एसडीएम ने मण्डी में गेहूं की ढेरी की बोली करवाकर गेहूं खरीद का विधिवत शुभारंभ किया। बता दें कि फतेहाबाद अनाज मण्डी में हैफेड और वेयर हाऊस द्वारा गेहूं की खरीद की जानी है। डीएफएससी के फतेहाबाद मण्डी में खरीद को लेकर शैड्यूल जारी न करने के विरोध में आढ़तियों ने गेहूंखरीद शुरू नहीं की थी। फतेहाबाद में दोनों मण्डियों में अब तक करीब 2 लाख बैग गेहूं की आवक हो चुकी है। गेहूं खरीद न होने से किसान भी काफी परेशान हैं। व्यापार मंडल प्रधान जगदीश भादू ने बैठक में कहा कि डीएफएससी के गेहूं खरीद न करने से फतेहाबाद के आढ़तियों और किसानों दोनों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि दूसरी खरीद एजेंसियों के पास गोदाम के अलावा गेहूं की लोडिंग-अनलोडिंग के पर्याप्त संसाधन नहीं है। एसडीएम ने आढ़तियों को गेहूं खरीद में किसी तरह की परेशानी न आने का आश्वासन दिया जिसके बाद गेहूं खरीद शुरू हो पाई।