आतंकवाद के विरोध में फतेहाबाद मोबाइल मार्केट बंद, मृतकों को दी श्रद्धांजलि
फतेहाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के विरोध में फतेहाबाद शहर के मोबाइल विक्रेताओं ने शुक्रवार को मोबाइल मार्केट स्थित अपनी दुकानों को बंद रखा। मार्किट मार्किट में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी दुकानदारों ने आतंकवादियों की गोली से मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और केन्द्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। दुकानदारों ने दोपहर 12 बजे तक अपनी दुकानों को बंद रखा था। मोबाइल मार्केट के प्रधान विकास बत्रा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने कायराना हरकत की है। आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की और 26 लोगों की जान ले ली। इस आतंकी घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति मोबाइल मार्केट के दुकानदार गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भगवान से प्रार्थना करते हैं कि इस असीम दुख को उनके परिजनों को सहने की शक्ति प्रदान करें। इन मोबाइल विक्रेताओं का जिंदगी संस्था के सदस्यों ने भी समर्थन किया। जिंदगी संस्था के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने कहा कि अब देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना होगा। देश के वीर जवान, सैनिक फौजी ऐसे बाहरी आतंकवादियों को जड़ से मिटाने के लिए दिन-रात लगे हुए हैं। निश्चित रूप से वे जल्द ही इन कायराना हरकत करने वाले आतंकवादियों को सबक सिखाएंगे।