महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में की पूजा-अर्चना
बांसवाड़ा, 3 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने चैत्र नवरात्र में गुरुवार को त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश में सुख-समृद्धि की कामना की। वह अहमदाबाद से हेलीकॉप्टर द्वारा त्रिपुरा सुंदरी हेलीपैड पहुंचे, जहां पंडित निकुंज मोहन के मार्गदर्शन में विधि-विधान से पूजा कराई।
भाजपा कुलाबा विधानसभा, मुंबई के महामंत्री गजानंद मेहता ने बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने चुनाव से पूर्व मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन का संकल्प लिया था, जिस पर उन्होंने मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उपखंड अधिकारी रजनी मालीवाड़ भी प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर मौजूद रहीं। पूजा समाप्त होने के बाद वह हेलीकॉप्टर से वापस अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि त्रिपुरा सुंदरी मां के दर्शन से आत्मिक शांति मिली और महाराष्ट्र के साथ साथ देश में खुशहाली बनी रहे इसके लिए मां त्रिपुरा सुंदरी से प्रार्थना की।