प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त, पुलिस काम कर रही है : उप मुख्यमंत्री साव
रायपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर 21 काे प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता सीएम हाउस का घेराव करेंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी को जनता ने बार-बार नकारा है। कांग्रेस लोकसभा-विधानसभा में पराजित हुई है। सरकार के एक साल के कामों पर जनता ने पंचायत और निकाय चुनाव में मुहर लगाया है। जहां तक कानून व्यवस्था की बात है, तो पिछले पांच साल में अपराध दर्ज नहीं होते थे। अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिलता था। आज वैसी स्थति नहीं हैं। कोई घटना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से घटती हैं तो त्वरित करवाई भी होती है। सभी जवान व पुलिस काम कर रही है।
रायपुर नगर निगम में बीते महीने ही बनाए गए संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाकर कांग्रेस ने बागी नेता आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर दिया है। इसे लेकर साहू समाज ने बीते दिन जमकर बवाल काटा। साहू समाज के प्रदर्शन और एफआईआर को लेकर उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह एक बार नियुक्ति करने के बाद बदल देना अपमानजनक बात है। इसे लेकर आक्रोशित होना स्वाभाविक है।
—————