अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को क्योस्क का आवंटन

Share

अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को क्योस्क का आवंटन

खूंटी, 24 अप्रैल (हि.स.)। अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार के जरिये जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल पांच क्योस्क की स्थापना की गई है। इनमें खूंटी में एक, तोरपा में एक, मुरहू में एक और कर्रा में दो क्योस्क निर्माण कराए गए है। इन क्योस्कों का लाभ निःशुल्क रूप से उन स्थानीय लाभुकों को प्रदान किया जाएगा, जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे है।

इस योजना के तहत तोरपा प्रखंड से 15, कर्रा से दो, मुरहू और खूंटी से 1-1 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की निष्पक्षता से जांच और लाभुकों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए गुरुवार कों समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। अधिक आवेदन प्राप्त वाले प्रखंड के लाभुक का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी के माध्यम से किया गया। चयनित लाभुकों को निःशुल्क क्योस्क संचालन का लाभ दिया जाएगा। शीघ्र ही संबंधित क्योस्क के संचालन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के सशक्तीकरण के लिए सरकार और प्रशासन कृतसंकल्पित है।

सभी लाभुकों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, तोरपा विधायक प्रतिनिधि, जिला वक्फ बोर्ड के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

—————