संविधान निर्माता ही नहीं एक न्याय विद, अर्थशास्त्री और राजनेता भी रहे डॉ अम्बेडकर : त्रिलोक कपूर
धर्मशाला, 14 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर संविधान निर्माता ही नही बल्कि एक न्याय विद, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और राजनेता भी रहे। उन्होंने सोमवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मोत्सव पर शहरी और ग्रामीण मंडल पालमपुर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहरी मंडल के अध्यक्ष गोपेश शर्मा और ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष सुरेश पठानिया ने की।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह भारत के लिए सौभाग्य की बात है कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जैसा महान व्यक्ति इस देश में पैदा तो हुआ ही बल्कि इस देश सही तरीके से चलने के लिए अपना एक बहुत बड़ा योगदान भी दिया। आज ही उनके बराबर पढ़ा लिखा व्यक्ति पूरी दुनिया में मौजूद नहीं है। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि बीआर अंबेडकर एक सच्चे राष्ट्रवादी थे जिन्होंने संविधान की आत्मा को परिभाषित करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि संविधान पूर्ण रूप से किसी भी देश का सर्वोच्च ग्रंथ होता है, यह वह किताब है जिसमें देश की संवैधानिक संरचना टिकी होती है, सरल शब्दों में कहें तो यह वह किताब है जिस पर देश की सामाजिक, राजनीतिक और न्यायिक व्यवस्था का निर्देशन करने के लिए नियम लिखे होते हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों को पंच तीर्थ में बदल दिया है जो सामाजिक न्याय की दिशा में काम करने के लिए प्रेरणा देता रहेगा।