पहलगाम आतंकी हमला : जोधपुर के लोगों में उबाल, सर्वत्र निंदा, जगह जगह प्रदर्शन

Share

पहलगाम आतंकी हमला : जोधपुर के लोगों में उबाल, सर्वत्र निंदा, जगह जगह प्रदर्शन

जोधपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में पूरे शहर में गुस्सा दिखाई दे रहा है। इस हमले को लेकर कई संस्था-संगठनों ने निंदा कर आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की निंदा की है। शहर में आज कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई है।

श्री महावीर शासन स्थापना महोत्सव समिति सहित कई संस्था संगठनों ने भारत सरकार से तत्काल प्रभाव से आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। समिति के राष्ट्रीय महामंत्री धनराज विनायकिया ने दुख जताते हुए कहा कि कश्मीर की वादियों में सैर करने निकले निर्दोष पर्यटकों को जिस बेरहमी से आतंकियों ने मौत के घाट उतारा है, वह मानवता पर किया गया सबसे कायराना हमला है। यह सिर्फ हमला नहीं था, यह भारत की आत्मा पर वार था। इस दौरान नवकार महामंत्र का स्मरण कर दिवगंतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भाजपा नेता अचल सिंह मेड़तिया ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हमला आतंक का वीभत्स चेहरा है। इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। जिन लोगों ने इस हमले में जन गंवाई है उनकी आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हैं लेकिन अब सटीक कारवाई से आतंकारियों और उनके आकाओं का नकाब उतारने की आवश्यकता है। देश की 140 करोड़ जनता भारत के मुखिया मोदी जी के साथ है। आतंक और आतंकारियों का सर कुचल कर विश्व को कड़ा संदेश दिया जाए।

पुतला दहन कर प्रदर्शन :

विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल द्वारा आज शाम छह बजे जालोरी गेट चौराहा पर इस हमले के खिलाफ आतंकवाद को प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं जोधपुर शहर जिला युवा कांग्रेस द्वारा शाम छह बजे शहीद स्मारक जेएनवीयू हैड ऑफिस पर कैंडल मार्च निकाला गया। जिला अध्यक्ष योगेश कच्छवाहा ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा भारत के स्वर्ग कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर किए गए कायराना आतंकी हमले से हम बेहद आहत है। आतंकवाद के इस क्रूर कृत्य की हम कड़ी निंदा करते है।

भारतीय युवा कांग्रेस निर्दोष पीडि़तों के लिए न्याय की मांग करता है व कांग्रेस परिवार पीडि़तों के परिवार के साथ है। इसी तरह भूतपूर्व सैनिक संघ द्वारा शाम साढ़े पांच बजे गौरवपथ स्थित शहीद स्मारक पर पहलगाम हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गाय चौराहा रातानाडा कृष्ण मन्दिर के पास से शाम को कैंडल मार्च निकाला गया।

वकीलों की श्रद्धांजलि सभा गुरुवार को :

राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। एसोसिएशन के महासचिव शिवलाल बरवड़ ने बताया कि बैठक में विचार विमर्श करते हुए पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आंतकी हमले की पुरजोर शब्दों में निंदा की गई।

अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया ने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जान गवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एसोसिएशन द्वारा राजस्थान उच्च न्यायालय भवन झालामंड के डोम तथा हेरिटेज उच्च न्यायालय भवन पावटा के मुख्यद्वार के आगे 24 अप्रेल को सुबह 10.30 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। समस्त अधिवक्ता राजस्थान उच्च न्यायालय सहित समस्त अधीनस्थ न्यायालयों में अपनी काली पट्टी धारण कर उपस्थिति देगें। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र दाधीच, महासचिव शिवलाल बरवड़, सहसचिव विजेन्द्र पुरी, पुस्तकालय सचिव कांता राजपुरोहित, कोषाध्यक्ष विमल कुमार माहेश्वरी सहित भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।