जमीन विवाद में बुजुर्ग ने महिला पर चलाई गोली, गिरफ्तार

Share

जमीन विवाद में बुजुर्ग ने महिला पर चलाई गोली, गिरफ्तार

पलामू, 19 अप्रैल (हि.स.)।जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बैदा कला में जमीन विवाद में फायरिंग कर दी गयी। 65 साल के बुजुर्ग ने महिला पर गोली चला दी। हालांकि महिला बाल बाल बच गयी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग नरेंद्र कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी कट्टा, एक कारतूस, दो खाली खोखा और तलवार बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार खेत को लेकर नरेंद्र कुमार मेहता एवं बिरजू मेहता, दामोदर महतो बालकेश महतो के बीच विवाद है। शनिवार को बालकेश महतो की पत्नी खेत में गेहूं की फसल काट रही थी, जिसे देख नरेंद्र महतो अपने एक हाथ में तलवार और एक हाथ में देसी कट्टा लेकर मौके पर पहुंच गया ।

फसल नहीं काटने की चेतावनी दी। महिला द्वारा अनसुना करने पर आक्रोशित होकर नरेंद्र महतो ने देसी कट्टे से फायर कर दी। महिला अपनी जान बचाकर भाग खड़ी हुई।

थाना प्रभारी सह प्रभारी इंस्पेक्टर लालजी सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7.40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बैदाकला गांव में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की जा रही थी। थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बैदाकला गांव के आहर के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम नरेन्द्र कुमार महतो बताया। वह 65 वर्षीय है और बैदाकला का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा, एक कारतूस, दो खाली खोखा और एक तलवार बरामद हुई।

आरोपित के पास हथियारों के कोई वैध कागजात नहीं मिले। उसने इस बारे में कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया। पुलिस ने सभी हथियार जब्त कर लिए हैं। पुलिसकर्मी अमरेन्द्र कुमार की शिकायत पर पाटन थाने में आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

—————