अपराधियों पर नकेल कसने को फतेहाबाद पुलिस ने की पैदल पेट्रोलिंग

Share

अपराधियों पर नकेल कसने को फतेहाबाद पुलिस ने की पैदल पेट्रोलिंग

फतेहाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार सभी डीएसपी व उनके अधीन थानों व चौकियों में तैनात कर्मचारियों ने अपने एरिया में अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने व सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को फतेहाबाद, टोहाना, भूना, भट्टूकलां, जाखल व रतिया क्षेत्र में की पैदल पेट्रोलिंग की। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की गई पैदल पैट्रोलिंग का उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी दिखाना व आपराधिक तत्वों में पुलिस का अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहना प्रदर्शित करता है। यह पैदल गश्त आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बीच पुलिस का दबदबा व आम लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाती है। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर अपराधियों के मन में भय का माहौल पैदा करना और उनको सलाखों के पीछे भेजना है। इस अभियान का उद्देश्य आमजन में पुलिस की मौजूदगी दर्ज कराना है, ताकि आमजन अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया और जिले के सभी चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस टीम मुस्तैद नजर आई। पुलिस का काम केवल अपराधों पर रोक लगाना नहीं बल्कि जनता के साथ मधुर संबंध रखते हुए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करना भी है।