फतेहाबाद: आशा वर्कर्स 20 मई को करेंगी राष्ट्रव्यापी हड़ताल
फतेहाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। आशा वर्कर्स यूनियन जिला कमेटी फतेहाबाद की बैठक रविवार को जिला प्रधान शीला शक्करपुरा की अध्यक्षता में शहीद उधम सिंह भवन, सीटू दफ्तर में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव सुमन दैयड़ ने की। बैठक में आशा वर्कर्स की मांगों को लेकर चर्चा की गई और आगामी आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में विशेष तौर पर सीटू जिला सचिव ओमप्रकाश अनेजा ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए शीला शक्करपुरा व ओमप्रकाश अनेजा ने कहा कि आशा वर्कर्स की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। ऐसे में आशा वर्कर्स यूनियन द्वारा 20 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया है। फतेहाबाद जिले से सैंकड़ों आशा वर्कर्स इस हड़ताल में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर्स ने सालों से जच्चा-बच्चा की देखरेख व उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां देने का महत्वपूर्ण काम कर किया। कोरोना काल में तो आशाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की। ऐसे में आशा वर्कर्स ने पक्की नौकरी, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये देने, रिटायरमेंट के बाद पेंशन देने सहित अन्य मांगों को लेकर एक मई को मई दिवस पर प्रदर्शन के अलावा 20 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। अगर फिर भी सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आशा वर्कर्स फिर से आंदोलन करने पर मजबूर होंगी। बैठक को आशा वर्कर सविता, रामकली, अंग्रेजो भूना, सुमन दीवाना, सीटू नेता बेगराज ने भी सम्बोधित किया।