फतेहाबाद : हथियारों के साथ वीडियो या फोटो अपलोड कर दहशत फैलाने वालों की अब खैर नहीं : एसपी आस्था माेदी
फतेहाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। अपराध तथा अपराधियों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस अब सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वालों पर भी पैनी नजर रखेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया है कि कुछ लोग हथियारों के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया साइट्स जैसे फेसबुक/इंस्टाग्राम व एक्स आदि के पेज पर पोस्ट कर समाज में अपना रुतबा दिखाने तथा दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं, जोकि पूरी तरह से गैरकानूनी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल साइट्स पर हथियारों के साथ अपनी फोटो पोस्ट करने का प्रचलन सा हो गया है, जिससे अक्सर युवा भ्रमित होकर अपराध की ओर अग्रसर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग हथियारों के साथ तस्वीर खिंचवा कर अपलोड करते हैं और समाज में दहशत फैलाने का काम करते है, जोकि गैरकानूनी है। हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वालों को तीन साल तक जेल की सजा और भारी भरकम जुर्माना भी अदा करना पड़ सकता है। हथियार भले ही लाइसेंसी हो लेकिन उसका सार्वजनिक प्रदर्शन पूरी तरह से गैर कानूनी है, और असला लाइसेंस जारी करने के लिए तय शर्तों का उल्लंघन एवं दुरुपयोग होता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पूरी तरह से सार्वजनिक मंच है, लिहाजा वहां हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करना सार्वजनिक प्रदर्शन के दायरे में आता है। एसपी ने कहा कि युवा ऐसी फोटो को देखकर वही करने की इच्छा भी रखते हैं, जिससे वे अपराध के दलदल में फंस जाते हैं।
गिरफ्तारी के साथ लाइसेंस भी होगा रद्द
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए है कि सोशल मीडिया साइट्स पर जो लोग हथियारों का प्रदर्शन करते है, उन लोगों की सूची तैयार करें और उनके खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही ऐसे लोगों के शस्त्र लाइसेंस भी रद्द करने की कवायद शुरू की जाए। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि अगर आपको कोई हथियारों के साथ फेसबुक पर अपनी तस्वीर अपलोड करने के बाद भय पैदा करने वाले संदेश पोस्ट करते हुए दिखाई देता है तो ऐसे लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।