पश्चिमी विक्षोभ का दिल्ली में नहीं दिखेगा असर, तापमान में होगी बढ़ोतरी

Share

पश्चिमी विक्षोभ का दिल्ली में नहीं दिखेगा असर, तापमान में होगी बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 7 मार्च (हि.स.)। दिल्ली और आसपास के शहरों में हवा की रफ्तार थमने के साथ ही अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में 11 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

शुक्रवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने मीडिया को बताया कि 9 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका ज़्यादातर असर पहाड़ी राज्यों पर होगा, जहां 9-13 मार्च के बीच हल्की आंधी और बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत में पूर्वी लहर के मज़बूत होने की वजह से, 10-11 मार्च के आसपास भारी बारिश की संभावना है, ख़ास तौर पर तमिलनाडु, दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र में आंधी-तूफ़ान की गतिविधि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मध्य भारत में तापमान में काफ़ी वृद्धि हुई है। कोंकण गोवा में आज और कल के लिए गर्म और उमस भरी स्थिति के लिए चेतावनी जारी की जा रही है। फिर उसके बाद अगले 3 दिन, 9 से 11 मार्च तक लू चलेगी। ये स्थिति 10-11 मार्च के आसपास थोड़े दिन के लिए मध्य महाराष्ट्र में आएगी। सोमा सेन ने बताया कि उत्तर भारत में मौसम में ज़्यादा बदलाव नहीं होने का अनुमान है। 9 मार्च से पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में तापमान बढ़ने की स्थिति बन रही है, क्योंकि मौसम साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा। चूंकि बहुत अधिक बादल नहीं होंगे, इसलिए दिल्ली और उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। पश्चिम और पूर्वी भारत में आने वाले दिनों में धीरे-धीरे लू की स्थिति बनेगी और तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की वृद्धि होगी।

—————