फतेहाबाद : रजवाहे के पुन: निर्माण के काम को जबरदस्ती रोका,किसान पर केस दर्ज

Share

फतेहाबाद : रजवाहे के पुन: निर्माण के काम को जबरदस्ती रोका,किसान पर केस दर्ज

फतेहाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। जिले के भट्टू क्षेत्र के गांव बनावाली में रजवाहे पर चल रहे खाल के पुन: निर्माण काम को एक किसान द्वारा जबरदस्ती रोकने और निर्माण कार्य को तोडऩे का मामला सामने आया है। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने बुधवार को उपमंडल अधिकारी की शिकायत पर आरोपी किसान के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मिकैड उपमंडल-2 फतेहाबाद के उपमंडल अधिकारी दीपक कुमार ने कहा है कि बनावाली रजबाहे के खाल का पुन: निर्माण कार्य उनके कार्यालय के अधीनस्थ चल रहा है। उत्तर दिशा में 20 साल से ज्यादा पुराने खाल को तोडक़र नया बनाने बारे ओमप्रकाश राव द्वारा अपनी आपत्ति मौखिक तौर पर दर्ज करवाई गई। इस पर ओमप्रकाश राव को उन्होंने सरकारी नियमावली से अवगत करवाया लेकिन वह नहीं माना। अधिकारी ने कहा कि गत दिवस खाल के पुन: निर्माण कार्य को पूरा करवाने के लिए वह स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर गए थे। इससे पहले ओमप्रकाश को अवगत करवा दिया गया था परंतु फिर भी ओमप्रकाश ने नियमों को न मानते हुए उपरोक्त कार्य को जबरदस्त रोकने के लिए पहुंच और और जबरदस्ती धमकी देते हुए कार्य को रूकवा दिया। इस पर अधिकारी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता की मांग की गई। पुलिस के आने पर भी पुलिस कर्मी के सामने ओमप्रकाश ने न केवल धमकी देते हुए सीनाजोरी करते हुए काम को रूकवा दिया बल्कि खाल में बिछाए गए बैड को भी तोडक़र सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाया। इस पर उपमंडल अधिकारी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, धमकी देने और खाल में मंजूरशुदा जल प्रवाह को रोकने पर ओमप्रकाश राव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।