नियमित वाहन जांच अभियान चलाये अधिकारी : उपायुक्त
खूंटी, 18 मार्च (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां रम्बल स्ट्रिप एवं साइनेज बोर्ड लगाना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए। हिट एंड रन जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ हीं पीड़ित परिवारों को निर्धारित समय पर मुआवजा भुगतान किया जाए। झारखंड सरकार के गुड सेमेरिटन पॉलिसी के विषय पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मदद करने वाले व्यक्ति को उक्त योजना के तहत पुरस्कृत करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें। तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं और सड़क पर सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा आपके हाथ में है।, इसलिए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और जिला प्रशासन को सहयोग करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीपीओ, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी अंचल अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
—————