अवैध खनन और परिवहन के मार्गों पर विशेष निगरानी रखें : उपायुक्त
खूंटी, 18 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गत एक माह के दौरान खनिज पदार्थों के अवैध खनन और परिवहन की रोकथाम की दिशा में संबंधित अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खनिजों के अवैध खनन स्थलों को चिह्नित कर जिला खनन टास्क फोर्स टीम आपस में समन्वय बनाकर अवैध खनन और परिवहन के मार्गों पर विशेष निगरानी रखें।
उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी, एमवीआई, सीओ और थाना प्रभारी को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए। साथ ही अवैध खनन और परिवहन के मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करें। बैठक में उपायुक्त ने ससमय स्टॉक यार्ड निरीक्षण का भी निर्देश दिया।
स्टॉक यार्ड की ओर से यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त होती है तो जांच और कार्रवाई करे। इसके अलावा राजस्व संग्रहण को लेकर भी उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीपीओ, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, एमवीआई खूंटी, एनडीसी सहित अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।
—————