जेपी नड्डा ने किया एम्स बिलासपुर में पीईटी-सीटी और स्पेक्ट-सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ
शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में पीईटी-सीटी और स्पेक्ट-सीटी स्कैन सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया आयाम जोड़ने जा रहा है। यहां आधुनिक तकनीकों से युक्त जांच सुविधाओं की शुरुआत से मरीजों को सटीक और त्वरित इलाज उपलब्ध होगा।
नड्डा ने कहा कि एम्स बिलासपुर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। जब यह संस्थान अस्तित्व में आया था तब यह सिर्फ एक ढांचा था लेकिन आज यह अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस एक प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान बन गया है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के लिए यह संस्थान वरदान साबित होगा क्योंकि अब यहां के लोगों को बड़े इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
नड्डा ने एम्स परिसर में विश्राम सदन और क्षेत्रीय वायरोलॉजी डायग्नोस्टिक लैब (वीआरडीएल) का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विश्राम सदन की सुविधा से दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने की उचित व्यवस्था मिलेगी। वहीं क्षेत्रीय वायरोलॉजी डायग्नोस्टिक लैब से वायरस जनित बीमारियों की जांच और अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर सिर्फ इलाज ही नहीं बल्कि अनुसंधान और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा। यहां आधुनिक तकनीक से लैस चिकित्सा सुविधाएं मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होंगी।
हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एम्स बिलासपुर में नई जांच सुविधाओं के शुभारंभ को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से प्रदेशवासियों को इलाज के लिए चंडीगढ़, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं और आने वाले समय में और भी अत्याधुनिक सुविधाएं एम्स बिलासपुर में जोड़ी जाएंगी।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एम्स बिलासपुर भाजपा सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जब प्रदेश में भाजपा सरकार थी, तब एम्स को स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। आज यह संस्थान प्रदेश के लाखों लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से जनहित को प्राथमिकता देती रही है। एम्स बिलासपुर इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले से मरीज यहां इलाज के लिए आ रहे हैं और अब नई सुविधाओं के जुड़ने से मरीजों को और अधिक राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एम्स बिलासपुर के अधिकारियों और डॉक्टरों ने केंद्रीय मंत्री नड्डा को अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।
———–