(अपडेट) सड़क पर केक काटने के जुर्म में महापौर का पुत्र समेत तीन गिरफ्तार, 15 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज
रायपुर, 1 मार्च (हि.स.)। राजधानी में देर रात सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने पर डीडी नगर पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मृणांक चौबे उर्फ़ मेहुल, पिंटू चंदेल, मनोज गौतम समेत 15 लोगों के खिलाफ बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज किया है। वहीं अब इस मामले में मेयर मीनल चौबे के बेटे मृणांक चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के साथ उसके दो दोस्त पिंटू चंदेल और मनोज गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामले में पुलिस प्रतिबंधात्मक धाराओं में अलग से कार्रवाई कर रही है।
हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद अब मेयर मीनल चौबे ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि, मैंने वीडियो देखा जो मेरे घर के सामने की है। मेरे बेटे का जन्मदिन था, उसने सड़क पर केक काटा है। मैंने आज सुबह ही अखबार में पढ़ा कि, हाईकोर्ट ने सड़कों पर केक काटने से मना किया है, जो भी हुआ गलत हुआ है मैंने अपने बेटे को समझाइश दी है।
मेयर मीनल चौबे ने आगे कहा कि, मैं शासन-प्रशासन का पूरा सम्मान करती हूं। अगर मेरे या मेरे परिवारजनों की वजह से कोई परेशानी हुई होगी तो उसके लिए मैं माफी मांगती हूं। सभी के बच्चों को यह समझना होगा कि, सड़क पर नहीं घर के अंदर केक काटना चाहिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि, दोबारा ऐसा नहीं होगा।
—————