पन्‍ना : जेके सीमेंट प्लांट हादसे की जांच करने घटनास्थल पर टीम पहुंची

Share

पन्‍ना : जेके सीमेंट प्लांट हादसे की जांच करने घटनास्थल पर टीम पहुंची

पन्‍ना, 4 फ़रवरी (हि.स.)। विगत 30 जनवरी को जेके सीमेंट प्लांट पन्ना में हुये हादसे की जांच के लिए दो बार गठित टीम में बदलाव किया गया। कमिश्नर द्वारा पूर्व में गठित टीम को बदलते हुए अब गठित टीम मे अपर कलेक्टर पन्ना, एडीशनल एसपी पन्ना, मुख्य अभियंता लोक निर्माण सागर, प्रभारी संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं

सुरक्षा इंदौर मप्र, कार्यपालन यंत्री पीआईयू तथा सहायक संपदा अधिकारी को टीम का सदस्य बनाया गया है। अब नव गठित को 15 दिन का समय जांच के लिए दिया गया है।

अपर कलेक्टर पन्ना नीलाम्बर मिश्रा ने बताया कि 3 फरवरी को जांच दल जेके सीमेंट प्लांट गया था, लेकिन लगभग 150 मीटर ऊंची 7 वीं मंजिल में क्रेन से जाने में जांच टीम असुरक्षित महसूस कर रही थी इसलिए कल कोई जांच नहीं हो सकी। आज पुनः जांच टीम लोहे की सीढ़ियों के सहारे ऊपर गई थी। विभिन्न बिन्दुओं के आधार पर जांच की जानी है। उन्होंने बताया कि जांच टीम 15 दिवस के अंदर कमिश्नर सागर को अपनी जांच सौंप देगी। जेके

जेके सीमेंट प्लांट मे हादसे से लेकर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई और न ही प्लांट को सील किया गया है। जिस कारण जेके सीमेंट प्लांट प्रबंधन साक्ष्यों को मिटा सकता है इसकी पूरी संभावना हैं।

इसी को लेकर जिले भर मे तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है कि जांच सही दिशा मे चलेगी कि खानापूर्ति तक सिमट कर रह जायेगी। यह भी पता चला है कि औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा इंदौर की टीम ने प्रथम दृष्टया जेके सीमेंट प्रबंधन की लापरवाही बताई है। अब देखना हैं कि संयुक्त टीम सही जांच करेगी या खानापूर्ति कर सिमट जायेगी।

—————