फतेहाबाद: केन्द्रीय बजट में कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं, रिटायर्ड कर्मचारियों में बजट से निराशा : कम्बोज
फतेहाबाद, 5 फरवरी (हि.स.)। रिटायर्ड कर्मचारी संगठन फतेहाबाद की मासिक बैठक बुधवार को पुराने बस स्टैण्ड के पास स्थित पीडब्ल्डूी रेस्ट हाऊस में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान मुंशीराम कम्बोज ने की व संचालन सचिव सुभाष चन्द्र चौहान ने किया। बैठक में फतेहाबाद, भूना व भट्टूकलां खंड से अनेक पुराने व नए रिटायर्ड कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केन्द्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में कर्मचारियों की मांगों अनुसार कोई प्रोविजन न होने पर रोष जताया गया और केन्द्रीय बजट की निंदा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान मुंशीराम कम्बोज ने कहा कि केन्द्रीय बजट में रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं है, जिससे इन कर्मचारियों में निराशा है। उन्होंने पटवारियों व अन्य कर्मचारियों को सरकार द्वारा भ्रष्ट बताने पर आपत्ति जताई और कहा कि राजस्व कर्मचारियों के विरूद्ध अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने लिपिकों की मांगों पर भी सरकार से विचार करने की मांग की। बैठक में रिटायर्ड कर्मचारी गजे सिंह, पूर्व प्रधान हरियाणा रोडवेज फतेहाबाद का जन्मदिन भी मनाया गया। सिंचाई विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी 85 वर्षीय धीरज कुमार जैन के पहुंचने पर उन्हें विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। बैठक में खंड फतेहाबाद कार्यकारिणी का भी चुनाव किया गया। इसमें कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से पब्लिक हैल्थ से कैलाश प्रशाद को प्रधान, हरियाणा रोडवेज से औमप्रकाश ढाका को उपप्रधान, शिक्षा विभाग से सुभाष चन्द्र चौहान को सचिव व पशुपालन विभाग से डॉ. रामफल को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में रिटायर्ड कर्मचारी संगठन ने प्रदेश सरकार से कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू करने, पुरानी पेंशन बहाली, 60, 70, 75 वर्ष की आयु पर 5, 10 व 15 प्रतिशत की बेसिक पेंशन में बढ़ोतरी करने, कोरोना काल के दौरान 18 महीने के बकाया डीए का भुगतान करने, पेंशनर्ज के लिए रियायती दर पर रेलवे में यात्रा सुविधा पुन: लागू करने, फैमिली पेंशनर्ज को एलटीसी की सुविधा देने, कम्युटेशन की रिकवरी पहले की तरह 12 साल करने की मांग को उठाया गया, वहीं इसके अलावा 24 जनवरी को पांच जिलों को हुई मीटिंग व 25 जनवरी को रोहतक में हुई मीटिंग के बारे में भी जानकारी दी गई।