निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपन शिविर का आयोजन

Share

निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपन शिविर का आयोजन

रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की अध्यक्ष विनिता सिंघानिया के नेतृत्व में निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति ने सहयोग किया।

शिविर में मौजूद दिव्यांगों के बीच कृत्रिम अंग हाथ – पैर, एक ट्राइसाइकिल, चार व्हीलचेयर, तीन बैसाखी, छह कैलिपर, दो ईयर मशीन का वितरण किया गया। साथ ही लोगों के बीच भोजन का भी वितरण किया गया। कृत्रिम अंग पाकर दिव्यांग लोग काफी खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने समर्पण शाखा द्वारा आयोजित इस शिविर की प्रशंसा की और उनके प्रति आभार प्रकट किया।

इस मौके पर महावीर विकलांग सहायता समिति के अध्यक्ष ललित केडिया और रतन अग्रवाल को शाखा की ओर से अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समर्पण शाखा की अध्यक्ष विनिता सिंघानिया ने बताया कि दोनों लोगों का सहयोग समर्पण शाखा को निरंतर मिलता रहता है।

कार्यक्रम में विनीता सिंघानिया, पूजा अग्रवाल,कविता जालान और शाखा के कई सदस्य मौजूद थे।

—————