फतेहाबाद : नशे की लत से परेशान चचेरे भाई की लाठी मारकर हत्या की, मां-बेटे पर केस दर्ज

Share

फतेहाबाद : नशे की लत से परेशान चचेरे भाई की लाठी मारकर हत्या की, मां-बेटे पर केस दर्ज

फतेहाबाद, 18 फरवरी (हि.स.)। जिले के भूना क्षेत्र के गांव चन्द्रावल में एक युवक द्वारा पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के सिर में लाठी मारकर उसकी हत्या करने का समाचार है। शराब के नशे में धुत्त व्यक्ति के बड़बड़ाने से परेशान पड़ोसी एवं रिश्ते में चचेरे भाई ने लाठी मारकर उसकी हत्या कर दी। इस बारे सूचना मिलते ही भूना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मंगलवार सुबह सीन ऑफ क्राइम टीम के इंचार्ज डॉ. जोगिन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए वहीं भूना पुलिस ने इस मामले में मृतक के भतीजे की शिकायत पर आरोपी युवक व उसकी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव चन्द्रावल निवासी आदित्य पुत्र रतन सिंह ने बताया कि उसका चाचा 41 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजा लेंटर डालने वाली मशीन पर काम करता था। सोमवार रात वह अपने घर आया तो पड़ोस में रहने वाली महिला धर्मो देवी बिना मतलब के राजकुमार के साथ गाली गलौज करने लग गई। इसके बाद राजकुमार अपने घर में बड़बड़ाने लगा तो धर्माे देवी ने अपने 22 साल के बेटे बीरभान उर्फ टिंडिया को बुला लिया। इसके बाद टिंडिया गुस्से में घर पहुंचा और आते ही लाठी उठाकर राजकुमार के घर में घुसकर उसके सिर में जोर से लाठी दे मारी। हमले के बाद राजकुमार वहीं लहू-लुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा तथा हमलावर युवक मौके से भाग गया। बाद में परिजन घायल को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद घायल को मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उपरोक्त पड़ोसी मां-बेटा मिलकर उसके चाचा के साथ हर रोज लड़ाई झगड़ा करते थे, इसलिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी। मृतक राजकुमार उर्फ राजा व हत्यारोपी बीरभान उर्फ टिंडिया का घर बिल्कुल आमने-सामने है, जो पारिवारिक रिश्ते में चचेरे भाई हैं।