उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में निकाय चुनाव के ल‍िए भाजपा कार्यालय का किया उद्घाटन

Share

उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में निकाय चुनाव के ल‍िए भाजपा कार्यालय का किया उद्घाटन

लोरमी, 2 फरवरी (हि.स.)। उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रव‍िवार को लोरमी में नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद मानस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर समर्पित कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए आह्नान किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुजीत वर्मा एवं पार्षद प्रत्याशियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि, यह कार्यालय हमारे संघर्ष, संवाद व रणनीति का केंद्र हैं, यह कार्यालय विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव की तरह हमारे विजय अभियान का मजबूत आधार बनेगा।

साव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, आप लोगों ने मुझे विधानसभा में भारी वोटों से जिताकर आशीर्वाद दिया है और 13 महीने में जो काम हुए हैं, वो पिछले 50 सालों में नहीं हुआ है। आने वाले समय में लोरमी का ऐसा विकास होगा, जिससे शहर की तस्वीर बदल जाएगी, शहर को पहचान पाना मुश्किल हो जाएगा। करोड़ों के विकास कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। लोरमी के सेवक बनकर काम कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष, वार्ड और पांचों जिला पंचायत के सदस्य के प्रत्याशी कोई पद प्रतिष्ठा के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। सभी आपके सेवा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी सुजीत वर्मा सहज, सरल और सौम्य छवि के प्रत्याशी हैं। वे दूसरे नेताओं की तरह नहीं है, जो झूठे वादे करें, वो सिर्फ काम पर भरोसा करते हैं। सुजीत दो बार पार्षद रह चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ एक भी शिकायत नहीं है। वे आपकी तरह ही एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और वो एक सेवक बनकर काम करेंगे। विकास के लिए लोरमी को ऐसे जनसेवक की जरूरत है।

नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुजीत वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि, भाजपा ने मुझ जैसे कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। अपने इस सामान्य साथी को विजय दिलाने में पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि, लोरमी में जरूर विकास होगा, इसकी गारंटी अरुण साव जी है। आप मुझे जीत का आशीर्वाद दीजिए।