खूंटी खेल महोत्सव पांच से हाेगा शुरु
खूंटी, 4 फ़रवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन के तत्वावधान में खूंटी खेल महोत्सव 2025 का आयोजन पांच से सात फरवरी तक किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम और बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में होगा।
खेल महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त लोकेश मिश्रा पांच फरवरी को करेंगे। इस तीन दिवसीय आयोजन में जिले के सभी छह प्रखंडों के खिलाड़ी भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल को शामिल किया गया है। खेलों को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उक्त जानकारी जिला खेल पदाधिकारी द्वारा दी गई।
—————