दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत पर सुलह में मनाया जश्न

Share

दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत पर सुलह में मनाया जश्न

धर्मशाला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में सोमवार को कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार के नेतृत्व में विजय उत्सव मनाया गया।

यह आयोजन विपिन परमार के ननाओं स्थित आवास पर हुआ, जहां सुलह क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ जीत का जश्न मनाया।

इस अवसर पर विधायक विपिन परमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित समस्त केंद्रीय नेतृत्व और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की राह पर है और वह समय भी जल्द आएगा जब पूरी दुनिया भारत के आगे नतमस्तक होगी।

परमार ने कहा कि जनता ने भाजपा की विकासवादी नीतियों पर भरोसा जताया है, और पार्टी सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग दें।